मुरादाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सर्वसम्मति से 832.87 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पारित किया गया, जो मूल बजट से 150 करोड़ रुपये अधिक है। इससे शहर के विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। नगर निगम की ओर से आगामी दिनों में शहर की प्रमुख, अंदरूनी सड़कों और नालियों की मरम्मत, वार मेमोरियल, लाइट एंड म्यूजिकल फाउंटेन शो, सफाई व्यवस्थाओं संबंधी विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेयर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में पुनरीक्षित बजट को कार्यकारिणी ने मंजूरी दी। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की मौजूदगी में मूल बजट 682.38 करोड़ को बढ़ाकर पुनरीक्षित प्रस्तावित बजट 832.87 करोड़ रुपये कर दिया गया। बैठक में गृह कर, जल कर, स्ट्रीट वेंडिंग जोन की दुकानें, अतिक्रमण और विकास कार्यों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिसपर नगर आयुक्त ने सात दिनों के भीतर गृह व जल कर से जुड़ीं आपत्तियों को सात दिनों के भीतर निस्तारित करने के लिए कहा। पार्षदों ने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लटके आवेदन पर भी सवाल पूछे, जिसपर महापौर ने कहा कि पार्षदों के सत्यापन के बाद 15 दिनों के भीतर सभी के प्रमाणपत्र जारी होंगे।
पार्षद मो. नदीम और विशाल सिंह ने अलग-अलग स्थानों पर बन रहे स्ट्रीट वेंडिंग जोन के आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल उठाया। कहा स्थानीय दुकानदार दुकान आवंटित कराने के लिए चार से आठ लाख रुपये की व्यवस्था कहां से करेंगे। इसे कम किया जाए। मेयर ने बताया कि सभी स्ट्रीट वेंडिंग जोन पर स्थानीय दुकानदारों को ही प्राथमिकता दी जाएगी। जबकि कुछ दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से होगा। सिक्युरिटी राशि पर पुनर्विचार किया जाएगा। लेकिन दुकान का मासिक किराया बेहद किफायती रखा गया है, जो हर दुकानदार आसानी से व्यय कर सकता है। इस स्ट्रीट वेंडिंग जोन से निगम को प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये की आमदनी होगी।
- बैठक में इनकी रही मौजूदगी
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में उपसभापति डॉ. गौरव श्रीवास्तव, देशरत्न कत्याल, गीता शर्मा, मोहसिन अहमद, तुषार, मनोरमा सैनी, मो. नदीम, चंद्रभान सैनी, शमशेर, अजय तोमर व विशाल ने हिस्सा लिया। वहीं निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार, द्वितीय अजीत कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी एके मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुनील दोहरे, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार, पर्यावरण अभियंता अभिषेक कुमार और प्रवर्तन दल के प्रभारी एसके शाही समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यहां से होगी निगम को प्रमुख आमदनी
15वां वित्त आयोग - 71 करोड़
गृह कर - 40 करोड़
जल कर - 22 करोड़
प्रेक्षा गृह कर - 17 करोड़
सीवर कर - 50 लाख
राज्य वित्त आयोग - 20 करोड़
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम - 30 करोड़
ब्याज - 5 करोड़
यूजर चार्ज - 2 करोड़
यहां होगी खर्च
- सफाई कर्मचारियों पर 37 करोड़
- आउटसोर्सिंग व संविदा सफाईकर्मियों पर 35 करोड़
- प्रशासनिक व्यय पर 30 करोड़
- विद्युत पर 1.50 करोड़
- जलापूर्ति पर 15 करोड़
- नाला सफाई पर 2 करोड़
- सड़क निर्माण और अनुरक्षण पर 50 करोड़
- सीवर लाइन की मरम्मत पर 1.50 करोड़
- पार्क पर 3 करोड़