कांठ विधानसभा सीट से बसपा के प्रत्याशी नासिर कुरैशी के बेटे और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ गलशहीद थाने में केस दर्ज किया गया। आरोप था कि एक छात्रा का पीछा करके मोबाइल से उसका वीडियो बनाया फिर उसे ब्लैकमेल करने लगे। जांच की तो मामला फर्जी निकला।
केस दर्ज कराने वाली पीड़िता ट्रेस नहीं हो पाई है। देर रात केस एक्सपंज कर दिया है। पीड़ित छात्रा ने खुद को गलशहीद थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले निवासी बताया था। गलशहीद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में छात्रा ने कहा है कि जब वह ट्यूशन पढ़ने जाती है तो बसपा नेता नासिर कुरैशी का बेटा अपने तीन दोस्तों के साथ उसका पीछा करता है।
आरोपियों में से दो सगे भाई हैं और पक्का बाग के रहने वाले हैं। जबकि तीसरा आरोपी लंगड़े की पुलिया निवासी है। छात्रा ने रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों ने पीछा करके उसका वीडियो बना लिया और फिर इस वीडियो के बूते उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की। उसे लगातार धमकाया और घर से निकलना मुश्किल कर दिया।
छात्रा का आरोप है कि उसे लगातार धमकियां जा रही थीं। जब आरोपियों की हरकतें हद से गुजरीं तो उसने अपने परिजनों को बताया। छात्रा के परिजन पुलिस अफसरों से मिले और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
सीओ कटघर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की गई। जिसमें मामला फर्जी पाया गया। इस नाम की कोई भी युवती नहीं मिली है। बुधवार देर रात केस एक्सपंज कर दिया गया है।