जिला पंचायत सदस्य पति जितेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
देहात थाना और डिडौली कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर बसपा के जिला पंचायत सदस्य के पति जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घर से दो अवैध तमंचे, आठ खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत सदस्य पति की अचानक हालत बिगड़ गई।
जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में सदस्य पति का इलाज चल रहा है। जिला पंचायत सदस्य के पति जितेंद्र सिंह मूलरूप से डिडौली कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी ज्योति वार्ड 24 जिला पंचायत सदस्य हैं।
जबकि जितेंद्र सिंह के भाई इंद्रपाल सिंह गांव के प्रधान हैं। जितेंद्र सिंह वर्तमान में जोया-इकोंदा रोड पर रहते हैं। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जितेंद्र सिंह अवैध रूप से तमंचा-कारतूस रखता है।
इसके बाद अमरोहा देहात थाना के एसएसआई संदीप कुमार, दरोगा सीमा खोखर और जोया चौकी प्रभारी प्रवीन कुमार के साथ मिलकर उसके घर पर छापा मार दिया। घर में तलाशी के दौरान बैड के बॉक्स से दो अवैध तमंचे, आठ खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
ये कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जितेंद्र सिंह का एक भाई गौतम रेडीमेड कपड़े की दुकान चलाता है। सीओ के मुताबिक कार्रवाई के दौरान जितेंद्र सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
लेकिन, उसने तबीयत बिगड़ने की बात कही, जिसके बाद उसे जोया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में उसका इलाज कराया जा रहा है। स्वास्थ्य बेहतर होने के बाद अवैध तमंचा-कारतूस कहां से आए, इस बारे में पूछताछ की जाएगी। फिलहाल डिडौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।