सोशल मीडिया पर कोरोना की न्यूज देखकर तनाव में आये बीएसएफ के जवान ने दिल्ली में चौथी मंजिल से कूद कर आपनी जान दे दी। बुधवार शाम को मंगूपुरा गांव में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मझोला थाना क्षेत्र के मंगूपुरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह बीएसएफ में तैनात थे। एक माह पहले ही उनका स्थानांतरण दिल्ली हुआ था। इससे पहले वह शिलांग में तैनात थे। वह दिल्ली के साकेत इलाके में एक किराये के घर में पत्नी अनीता, बेटी प्रियांशी और बेटे उर्त्कष के साथ रह रहे थे।
शिफ्ट होने के बाद घर में अभी टीवी समेत कई सामान नहीं आ पाए थे, इसलिए वह मोबाइल के माध्यम से सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस से संबंधित समाचार देखते थे। कई दिनों से वह परेशान चल रहे थे। उन्होंने अपने अधिकारियों से आठ दस दिन की छुटटी मांगी थी, लेकिन उन्हें दो दिनों की ही छुट्टी मिल पाई थी।
उनके भतीजे हिमांशु सिंह ने बताया की इस छुट्टी के दौरान लगातार दो दिनों तक वह आपने मोबाइल पर फोन पर कोरोना वायरस से जुड़ी खबरें ही देखते रहे। उनकी चाची ने ऐसी न्यूज देखने से मना भी किया, लेकिन वह नहीं माने और नतीजा यह हुआ कि वह तनाव में रहने लगे।
मंगलवार शाम को जिस घर में वह किराये में रहते थे, उसकी चौथी मंजिल पर जाकर उन्होने छलांग लगा दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुद्धवार देर शाम उनके शव को पैत्रक गांव मंगूपुरा में लाया गया।
यहां उनके मृत शरीर को बीएसएफ ने पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।