ठाकुरद्वारा के कोचिंग सेंटर पर शिक्षक की छेड़खानी से परेशान छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पहले परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिर उसे नगर के सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर कर दिया गया है।
कचहरी में पत्नी ने एक पति पर तलाक के लिए दबाव बनाया तो उसने जहर खा लिया। इसके बाद पत्नी और अन्य लोग कचहरी से भाग गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कटघर थाना क्षेत्र के करुला निवासी अकरम मजदूरी करता है।
शुक्रवार को उसकी पत्नी बिना बताए बच्चों को लेकर घर से चली गई थी। मंगलवार को पत्नी ने फोन कर उसे कचहरी बुला लिया। इस दौरान पत्नी तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगी। अकरम ने हस्ताक्षर करने से इनकार किया तो पत्नी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी।
जिससे परेशान होकर पति ने कचहरी में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद पत्नी और उसके साथ आए लोग भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।