एसएसपी बंगले के पास डाक्टर भगतराम राणा की कार हापुड़ के गिरोह ने चोरी की थी। वारदात के समय ऑटो लिफ्टर नर्सिंग होम के पास एक शादी समारोह में शिरकत करने आए थे। उन्होंने यहां खाना खाया और जमकर डांस किया। इसके बाद कार लेकर चले गए। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये पुलिस ने एक ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार किया गया युवक मौसेरी बहन की शादी में आया था और साथियों समेत वारदात को अंजाम दिया।
एएसपी डा. यशवीर सिंह ने बताया कि आवास विकास कालोनी निवासी डा. भगतराम राणा ने आठ जुलाई को सिविल लाइंस थाने में कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके नर्सिंग होम के बाहर खड़ी उनकी आल्टो कार चोरी कर ली गई है। पुलिस ने एसएसपी बंगले के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें दिखाई दिया कि तीन युवक शहनाई मंडप की ओर से आए और कार लेकर चले गए। इसके बाद पुलिस ने शहनाई मंडप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
इसमें उसी हुलिए के तीन युवक खाना खाते और डीजे पर डांस करते दिखाई दिए। जिस परिवार में शादी थी, जब उसे ये फुटेज दिखाई गईं तो उन्होंने तीनों युवकों की पहचान टीटू उर्फ अरविंद पुत्र भिक्कन, बिन्टू पुत्र ओमकार और सचिन पुत्र रामवीर के रूप में हुई। तीनों ऑटो लिफ्टर हापुड़ जनपद के बहादुरगढ़ थानाक्षेत्र के ढौलपुर गांव निवासी हैं। सचिन की मौसेरी बहन की शादी थी। वह अपने साथियों को लेकर शादी समारोह में आया था। मंगलवार को हिमगिरी कालोनी के पास रेलवे फाटक से टीटू उर्फ अरविंद को चोरी की कार के साथ पकड़ लिया। उसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। जबकि पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुटी है।