मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में विवाहिता के साथ देवर छेड़छाड़ और अश्लीलता हरकत करता था। इसकी शिकायत करने पर पति और ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। घर से निकलने से पहले पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस इस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।
कटघर थानाक्षेत्र की रहने वाली महिला ने दर्ज कराए केस में बताया कि तीन साल पहले उसका निकाह मूंढापांडे थाना क्षेत्र के युवक से हुआ था। शादी के बाद से ही देवर उसके ऊपर बुरी निगाह रखने लगा। आए दिन देवर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। विवाहिता ने देवर की शिकायत पति और सास-ससुर से की। ससुरालियों ने देवर को समझाने की जगह उसके चरित्र पर अंगुली उठाया। आरोप है कि मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि विवाहिता ने तहरीर पर पति, सास, ससुर और दो देवरों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।