थाना गलशहीद क्षेत्र में 22 दिसंबर को हुई प्रापर्टी डीलर मसरूर की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है। मसरूर के साले शब्बू उर्फ शोएब ने रंजिश के चलते पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। शोएब ने अपने दो साथियों मुल्ला इस्माइल और रिजवान के साथ मिलकर हत्या का षडयंत्र रचा। इसके बाद रिजवान को ही पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी, 22 दिसंबर की शाम मसरूर जब अपने बच्चे की दवा लेने घर से निकले तो सड़क पर उन्हें रोककर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस मामले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था और पुलिस भी गंभीरता से मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मसरूर के साले शब्बू उर्फ शोएब ने रंजिश के चलते यह हत्या कराई। पुलिस के मुताबिक मसरूर ने शोएब की बहन से परिजनों की मर्जी के खिलाफ निकाह किया था। निकाह के बाद वह अपनी पत्नी के साथ शोएब के घर के सामने एक घर में रहने लगा। शब्बू उर्फ शोएब की मसरूर व उसके भाई सरवर से मुकदमेबाजी चल रही थी।
शोेएब ने दो साथियों के साथ मिलकर रचा हत्या का षडयंत्र
इसी रंजिश में शोएब ने अपने साथी मुल्ला इस्माइल और रिजवान के साथ मिलकर मसरूर की हत्या का षडयंत्र रचा। उसने हत्या के लिए मुल्ला इस्माइल के माध्यम से पांच लाख रुपये रिजवान को दिलवाए। रिजवान ने इसमें से दो लाख लाख रुपये अपने पास रखे और बाकी की रकम आधी-आधी अपने दो साथियों गुलाम अहमद व आश ुउर्फ अकील को सौंप दी। 22 दिसंबर को लगभग शाम साढ़े सात बजे मसरूर अपने बच्चे की दवा लेने के लिए बाइक लेकर घर से निकले थे। योजना के तहत गुलाम और आशु ने अपनी बाइक से मसरूर का पीछा किया। ईदगाह रोड पर क्रिसएंट शादी हॉल के पास मौका पाकर आशु ने मसरूर को गोली मार दी और दोनों आरोपी फरार हो गए।
गोली मारने वाला आरोपी अभी भी फरार
थाना गलशहीद के प्रभारी निरीक्षक कपिल सिंह ने बताया कि आरोपी रिजवान पुत्र सुलेमान निवासी लालबाग थाना मुगलपुरा, गुलाम अहमद पुत्र रहीश अहमद निवासी लालबाग रोड थाना मुगलपुरा और मुल्ला इस्माइल पुत्र खलील निवासी बन्ने की पुलिया थाना मगलपुरा को गिरफ्तार किया गया है। जबकि गोली मारने वाला आरोपी आशु उर्फ अकील अब भी फरार है। इसके अलावा शब्बू उर्फ शोएब का उपचार चल रहा है। दरअसल रंजिश के तहत 2015 में मसरूर ने शब्बू को गोली मारी थी जोकि रीढ़ की हड्डी में लगी थी। इसलिए वह अभी तक उपचाराधीन है।
पूछताछ में पाया गया है कि षडयंत्र के तहत मसरूर के साले शब्बू उर्फ शोएब ने ही उसकी हत्या कराई थी। पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि मुख्य आरोपी आशु उर्फ अकील अभी फरार है। तथ्यों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी होगी। आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास में मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और 55 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
- अमित आनंद, एसपी सिटी