मुरादाबाद के मझोला स्थित लाइनपार में एक सनकी जेठ ने मंगलवार की सुबह खाना बनाते वक्त महिला की नाक काट दी। महिला के आरोप पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जेठ को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं जख्मी महिला का इलाज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मझोला थाना क्षेत्र स्थित चाउ की बस्ती में रहने वाली पीड़ित लक्ष्मी का पति महानंदन रिक्शा चलाता है। वहीं खुद को साधु कहने वाला उसका बड़ा भाई कृपा नंदन ज्यादातर घर से बाहर ही रहता है। महानंदन ने बताया कि सोमवार की रात वह घर आया था। मंगलवार सुबह उसे किसी जरूरी काम से दिल्ली जाना था।
उसने पत्नी को बड़े भाई के लिए खाना बनाने को कहा था, लेकिन घर से निकलने के कुछ देर बाद ही उसकी पत्नी का फोन आ गया और उसने जेठ की करतूत बताई। उसने बताया कि खाना बनाने के समय उसका भाई किचन में आ गया और अचानक धारदार हथियार से उसकी नाक पर वार कर दिया।
यह सुनकर महानंदन आनन-फानन में घर लौटा। पीड़िता का सिविल लाइन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है, जबकि आरोपित को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसएचओ मझोला रूपेन्द्र गौड़ का कहना है कि महिला के बयान पर आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जा चुकी है।