पुलिस ने कांशीराम नगर में दबिश देकर एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस दौरान पुलिस को एक और किशोरी मिली है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमित कौशल ने दर्ज कराए केस में बताया कि जीआरपी ने बिहार के मधुबनी जिले के फूलव्रास थानाक्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को समिति के सामने पेश किया।
19 अगस्त को किशोरी की काउंसलिंग की गई जिसमें उसने बताया कि करीब तीन माह पहले वह घर से नाराज होकर निकल आई थी। वह ट्रेन में बैठकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी तो वहां से सचिन नाम का युवक काम दिलाने के बहाने उसे मुरादाबाद के कांशीराम नगर में पिंकी नाम की महिला के घर ले आया। जहां सचिन, अवनीश और विजय ठाकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके अलावा अन्य लड़कियां और महिला भी आरोपी पिंकी के मकान में बंधक हैं। उनके साथ भी दुष्कर्म किया जाता है।
इसकी जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार की सुबह एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता मझोला थाने की पुलिस के साथ बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर पहुंच गए। महिला पुलिस कर्मियों ने किशोरी और अन्य दो युवतियों से भी पूछताछ की तो उन्होंने आपबीती सुनाई। जानकारी करने के बाद तीनों लड़कियों को साथ लेकर पुलिस ने कांशीराम नगर में कई घरों में दबिश दी। पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इनके चंगुल से पुलिस ने एक किशोरी को बरामद किया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सीडब्लूसी के अध्यक्ष अमित कौशल की तहरीर पर आरोपी महिला पिंकी, सचिन, विजय ठाकुर और अवनीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (1) 70 (2)115 (2) 352 और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह है पूरा मामला
मंगलवार की सुबह जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन में टीटीई जितेंद्र सिंह को एक किशोरी और दो युवतियां बिना टिकट मिलीं थीं। पूछताछ करने पर तीनों लड़कियों ने टीटीई को बताया कि वह मुरादाबाद के कांशीराम नगर में एक मकान में बंधक थीं। उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो टीटीई ने जीआरपी को ट्रेन के कोच में ही बुला लिया। किशोरी बिहार की रहने वाली थी। जबकि एक युवती बस्ती जिले और दूसरी अमरोहा के जोया की निकली।किशोरी तीन माह पहले घर से नाराज होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। बस्ती जिले की निवासी युवती भी दो माह पहले नाराज होकर घर से निकली और मुरादाबाद पहुंच गई। अमरोहा जिले के जोया निवासी युवती एक साल से पहले सचिन के चंगुल में आई थी। सोमवार की रात आरोपियों के चंगुल से निकल भाग गई थीं।
शाम ढलते ही शुरू हो जाता था देह व्यापार का धंधा
कांशीराम नगर में गोशाला की आड़ में पिंकी देह व्यापार का धंधा चला रही थी। उसके घर में लड़कियों को देखकर लोग पूछताछ करते थे तो वह बताती थी कि गोशाला में काम कराने के लिए इन्हें यहां रखा है जबकि शाम ढलते ही उसके घर में लोगों का आना-जाना शुरू हो जाता था। देररात तक लोग मौजूद रहते थे। पुलिस ने पिंकी, सचिन और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है। सचिन रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे और अन्य जगह घूमने जाता था। वह मजबूर और घर से भागी लड़कियों की तलाश में रहता था।
लड़कियां मिलने पर उन्हें काम दिलाने का झांसा देकर कांशीराम नगर तक ले जाता था। सचिन बताता था कि उसकी बहन पिंकी कांशीराम नगर में गोशाला चलाती है। इसके अलावा लड़कियों को कड़ाई बुनाई का काम सिखाती है। सचिन के झांसे में आकर लड़कियां उसके साथ कांशीराम नगर चली जाती थीं। बिहार, बस्ती और अमरोहा की लड़कियों को सचिन ही लेकर आया था। आरोपी पहले एक-दो दिन अपने घर में घरेलू काम कराते थे। बाद में उन्हें जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म करते थे। इसके बाद पिंकी के हवाले कर देते थे। फिर पिंकी उनसे देह व्यापार करती थी।
लड़कियों के परिजन पहुंचे मुरादाबाद
तीनों लड़कियों के परिजन भी मुरादाबाद पहुंच गए हैं। उन्होंने लड़कियों के गायब होने की कहानी पुलिस को बताई है। अमरोहा के जोया क्षेत्र निवासी युवती के पिता ने बताया कि एक साल पहले उसकी बेटी बुलंदशहर में मिली थी उस वक्त भी वह बिना बताए घर से निकल गई थी। एक दिन पिता मजदूरी करने गए तो युवती फिर से घर से निकल गई। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। पिता ने उसकी तलाश की लेकिन जब पता नहीं चला।
बुधवार को उसे पता चला कि उनकी बेटी मुरादाबाद में है। इसके बाद वह बेटी को लेने पहुंचे। बिहार से रहने वाली किशोरी तीन माह पहले बिना बताए घर से निकल गई थी। इस मामले में परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। बस्ती निवासी दो माह पहले अपने घर से नाराज होकर निकल गई थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।