मुरादाबाद। सीबीआई गाजियाबाद की टीम ने प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के मैनेजर को आठ हजार और दलाल को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी मैनेजर और दलाल ने पीड़ित से किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की एवज मेंदस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। करीब साढ़े तेरह घंटे की कार्रवाई के बाद टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ गाजियाबाद ले गई। सीबीआई टीम की कार्रवाई से बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के वीरपुर बरियार उर्फ खड़ग निवासी किसान खैराती ने तीन लाख के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए लालाटीकर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में आवेदन किया था। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी किसान के लोन की फाइल पास नहीं की गई थी। मैनेजर ने किसान से कहा था कि अगर उसे केसीसी बनवाना है तो कयूम मास्टर से संपर्क कर लें। आरोपी कयूम ने किसान से दस हजार रुपये की मांग की थी। परेशान खैराती ने गाजियाबाद पहुंचकर सीबीआई के दफ्तर में इस मामले की शिकायत की थी। उसने बताया था कि बैंक मैनेजर बिना रिश्वत के केसीसी नहीं बना रहे हैं। शिकायत मिलने पर सीबीआई की टीम मुरादाबाद पहुंची और किसान से संपर्क किया।
सीबीआई टीम के सदस्यों ने डीआरएम कार्यालय के गेस्ट हाउस में किसान को बुलाकर दस हजार रुपये के नोटों पर पाउडर लगा दिया था। इसके बाद तीस नवंबर को दोपहर बाद तीन बजे सीबीआई टीम बैंक पहुंच गई थी। किसान ने आठ हजार रुपये बैंक मैनेजर गिरीश चंद्र और दो हजार रुपये कयूम मास्टर को दिए। इसी बीच टीम ने दोनों को रंगेहाथों पकड़ लिया था। इसके बाद टीम ने शाखा का शटर बंद करा दिया। टीम के आठ सदस्यों ने बुधवार की अलसुबह 4.30 बजे तक जांच पड़ताल की। करीब साढ़े तेरह घंटे की कार्रवाई करने के बाद टीम बैंक मैनेजर गिरीश चंद्र और रौड़ा गांव निवासी दलाल कयूम मास्टर को लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई। सीबीआई अधिकारी ने बैंक मैनेजर और कयूम के रिश्वत लेने की पुष्टि की। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि टीम मैनेजर और एक दलाल को अपने साथ ले गई है। टीम के सदस्यों ने स्थानीय पुलिस से कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की।
लालाटीकर गांव स्थित शाखा के मैनेजर और एक अन्य व्यक्ति के रिश्वत लेते हुए सीबीआई द्वारा पकड़े जाने की जानकारी मिली है। रीजनल ऑफिसर को प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मैनेजर पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आरके अरोरा, चेयरमैन, प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक, रामगंगा विहार मुरादाबाद