मुरादाबाद में एसएसपी दफ्तर में बुधवार दोपहर एक युवक ने जहर खाने का ड्रामा कर सनसनी फैला दी। युवक के ड्रामे को हकीकत जान पुलिस ऑफि स में मौजूद स्टाफ और फरियादियों में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक के हाथ से जहरीले पदार्थ की पुड़िया छीनकर सिविल लाइंस थाने पर सूचना दी।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मौके पहुंचकर युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
अमरोहा जनपद के डिडौली थानाक्षेत्र के गांव ढकिया चमन निवासी सरफराज बुधवार दोपहर एसएसपी कार्यालय पहुंचा। वह फरियादियों की लाइन में लग गया। इसी दौरान उसने अपनी जेब से एक पुड़िया निकालकर हाथ में रख ली और उसे जहर बताते हुए खाने का ड्रामा रच दिया। वह जमीने पर गिरकर तड़पने का नाटक करने लगा। युवक को तड़पते देख वहां मौजूद फरियादियों और पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस कर्मियों ने युवक के हाथ में जहरीले पदार्थ की पुड़िया देखी तो लगा कि उसने जहर खा लिया है। इस दौरान सरफराज ने पुलिस को जहर खाने की बात कहकर उन्हें यकीन भी दिला दिया। इस पर पुलिस ने सिविल लाइंस पुलिस ने युवक के जहर खाने की जानकारी दी। इस पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक जिला अस्पताल ले गई। यहां सरफराज का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद पुलिस को बताया कि सरफराज ने जहर नहीं खाया है बल्कि जहर खाने का नाटक किया है। इस पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और सिविल लाइंस थाने आई। यहां पूछताछ में सरफराज ने बताया कि उसने एक साल पहले कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती से निकाह किया था। शादी के मात्र 11 दिन बाद ही उसका तलाक हो गया। मगर तलाकशुदा पत्नी उसका उत्पीड़न कर रही है। वह उससे 15 लाख रुपये की मांग कर रही है।
सरफराज का कहना है कि उसने पत्नी के खिलाफ थाने में कई बार शिकायत की, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब वह महिला की शिकायत लेकर यहां आया था। एएसपी अनिल यादव ने बताया कि सरफराज का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया, जिसमें जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई है। उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।