मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में नदी में डूबकर किसान की मौत हो गई। पशुओं को चरा रहे लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस को सुचना दी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मूंढापांडे मेहंदी नगर निवासी नन्हें सिंह (45) पुत्र बुद्धि सिंह सोमवार को अपने बेटे हरप्रसाद के साथ बाइक से एक बोरी हरी मिर्च बेचने रामपुर मंडी जा रहा था। नन्हें ने हरप्रसाद को घर वापस भेज दिया था। वह देर शाम तक जब घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार दोपहर पशु चरा रहे लोगों ने गांव के पास स्थित श्मशान घाट के पास वाहला नदी में घास मे पड़ी लाश देखी। उन्होंने इसकी सूचना गांव जाकर दी। परिजन ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे और शव देखकर मृतक की नन्हें सिंह के रूप में पहचान की। उसकी जेब से मिर्च की बिक्री के 1500 रुपये भी मिले हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नन्हें सिंह मिर्च बेचने के बाद बैजनी के रास्ते से पैदल आ रहा था। वाहला नदी में जलस्तर बढ़ने से नदी पार करते समय डूबकर उसकी मौत हो गई। किसान के परिवार में पत्नी गुच्छो देवी पांच बेटे और दो बेटियां हैं। दो बेटों की शादी हो चकी है। पुलिस से परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।