अगवानपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में एमडीए से नक्शे की अनुमति लिए बिना उठाई गई चहारदीवारी मंगलवार को बुलडोजर से गिरवा दी गईं। एमडीए अधिकारियों ने 15 दिन पूर्व ही प्लाटिंग स्वामियों को नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। प्राधिकरण के अतिक्रमण विरोधी अभियान से गलत तरह से प्लाटिंग कराने वालों में हलचल है।
नगर पंचायत अगवानपुर के मोहल्ला सराय फारूख स्थित शिव मंदिर के सामने वाली नई आबादी में एमडीए से नक्शे की अनुमति लिए बगैर तकरीबन 70 बीघा जमीन पर प्लाटिंग की गई है। नक्शा पास नहीं होने के कारण एमडीए ने मंगलवार को प्लाटिंग में बुलडोजर चला दिया। तकरीबन 10 बीघा जमीन काटे गए प्लाटों की चहारदीवारियां बुलडोजर ने तहस नहस कर दीं। तोड़फोड़ की कार्रवाई से प्लाटिंग स्वामी और खरीदारों में हलचल मच गई। अनेक खरीदार मौके पर पहुंच गए, सबने एमडीए अधिकारियों से थोड़ी और मोहलत देने की गुहार लगाई लेकिन अधिकारी नहीं माने। इस दौरान एमडीए का बुलडोजर प्लाटों की बाउंड्री गिराता रहा। एमडीए अधिकारियों का कहना था नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने के लिए पंद्रह दिन का समय दिया गया था, इतने समय में लोगों ने कुछ नहीं किया इसलिए अब प्राधिकरण कार्रवाई कर रहा है।