बिलारी। गांव इमरतपुर निवासी विजय सिंह की पत्नी सोनम (25) का शव सोमवार की दोपहर कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संभल जिले के थाना बनियाठेर अंतर्गत गांव नेहटा निवासी नंदकिशोर ने तीन साल पहले अपनी बेटी सोनम की शादी बिलारी के इमरतपुर गांव निवासी हरनंदन के बेटे विजय सिंह के साथ की थी। शादी के बाद सोनम ने एक बेटे का जन्म दिया। सोनम का पति विजय सिंह दिल्ली में ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता है। घर पर सोनम के अलावा उसके ससुर हरनंदन और सास रामकली रहते हैं। सोनम को लगभग एक माह पहले पति विजय सिंह मायके से बुलाकर अपने घर इमरतपुर लाया था।
सोमवार सुबह सोनम के सास ससुर जंगल में खेत पर चले गए और वह घर पर बेटे के साथ अकेली रह गई। इस दौरान मौका मिलने पर किसी समय उसने अपने बेटे को आंगन में खेलता छोड़ दिया और कमरे के अंदर चली गई। दोपहर को जैसे ही सास ससुर खेत से घर लौटे तब उन्होंने सोनम को आवाज दी। कमरे के अंदर से कोई आवाज न आने पर सास ससुर ने पड़ोसियों को बुलाया। बाद में जब किवाड़ के टूटे हिस्से से अंदर को देखा तब सोनम छत के कुंडे में लटक रही थी और उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी।
सोनम को छत के कुंडे में लटका देख सास ससुर ने शोर मचा दिया। मोहल्ले वालों की भीड़ जमा हो जाने पर जब दरवाजा तोड़कर देखा तब पता चला कि सोनम कमरे में पलंग के ऊपर छत के कुंडे में लटकी हुई थी। पूर्व ग्राम प्रधान विजयपाल सिंह की सूचना पर थाना बिलारी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने सोनम के ससुरालियों और अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए और कुंडे में बंधी रस्सी को भी अपने कब्जे में ले लिया।
थोड़ी देर बाद सोनम के मायके वाले भी नेहटा गांव से इमरतपुर पहुंच गए। जिस समय मायके वाले पहुंचे तब मजिस्ट्रेट अभिनय सिंह घटनास्थल की जांच करने के अलावा अपनी मौजूदगी में शव का पंचनामा भरवा रहे थे। सोनम के मायके में पिता नंदकिशोर और माता श्यामकली के अलावा तीन बहनें सीमा, राधा और मंजू हैं। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सोनम का शव कब्जे में लेकर उसकी मौत होने का सही कारण जानने के लिए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मायके वाले अभी मौखिक आरोप लगा रहे हैं। लिखित में जो तहरीर देंगे उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार दोपहर इमरतपुर गांव में सोनम के घर से जब उसका शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजने के लिए पुलिस ने उठाना चाहा तब मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा कर दिया और मजिस्ट्रेट से नोंकझोंक करने लगे। मायके वाले मांग कर रहे थे कि सोनम के ससुरालियों को उनके सामने ही गिरफ्तार किया जाए। सोनम के ससुर से यह पूछा जाए कि वह सोनम को दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान क्यों करते थे। महिला पुलिस कर्मियों ने जब सोनम का शव कमरे के अंदर से निकाल लिया तब पुन: मायके पक्ष की महिलाएं शव को घेरकर खड़ी हो गईं। मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट अभिनय सिंह ने जब समझाना चाहा तब सोनम के मायके पक्ष के लोग मजिस्ट्रेट से नोकझोंक करने लगे। बाद में पुलिस ने समझाया कि पहले आप तहरीर लिखकर दें। तहरीर में जिसे आरोपी बनाएंगे उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा। इस दौरान हंगामा और शोर शराबा मचने पर सोनम के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सोनम के शव को जब वाहन में रख लिया गया तब सोनम की माता श्यामकली और ममेरा भाई थाना फैजगंज बहटा के बसोमी गांव निवासी गुडडू मौर्य वाहन के आगे खड़े हो गए और शोर मचाने लगे।पुलिस को सोनम के शव वाला वाहन भीड़ से निकालकर बाहर तक भेजने में मशक्कत करनी पड़ी।
पो
अशोक कुमार सिंह का कहना है कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होगी। मायके वालों की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मृतका का अपनी ससुराल वालों से आए दिन विवाद रहने की बात सामने आई है।
इमरतपुर गांव में सोमवार दोपहर विवाहिता सोनम की मौत की घटना में उसके पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोनम के पिता थाना बनियाठेर के नेहटा गांव निवासी नंदकिशोर की ओर से सोमवार देर शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने लगभग ढाई वर्ष पहले अपनी बेटी सोनम की शादी इमरतपुर गांव निवासी हरनंदन के बेटे विजय से की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सोनम के पति विजय, ससुर हरनंदन, सास रामकली, जेठ शैलेश, जेठानी रीना और ननद प्रवेश देवी मायके से दहेज में बाइक लाने के लिए दबाव बनाते थे। ससुरालियों द्वारा लगातार किए जा रहे इस उत्पीड़न से सोनम काफी परेशान थी। सोमवार सुबह भी सोनम ने अपनी बहन मंजू को फोन करके बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस खबर के लगभग दो घंटे बाद ही फोन पर सूचना मिली कि उसकी बेटी सोनम की मृत्यु हो गई है। नंद किशोर ने आशंका जताई कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी सोनम को जान से मारकर लटका दिया। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर उसके पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।