कांठ। क्षेत्र के पट्टी मौढ़ा में शनिवार देर शाम एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते साड़ी का फंदे पर लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
निकटवर्ती जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र अंतर्गत गांव नौबतपुर मैडेया निवासी कंचन (22) ने करीब सवा साल पहले कांठ के पट्टी मौढ़ा निवासी रोहित से प्रेम व अंतर्जातीय विवाह किया था। रोहित डंपर चलाता है। शनिवार को वह डंपर लेकर काम पर गया था, जबकि उसकी मां सुमन देवी और पिता राकेश खेत पर गए हुए थे। घर में कंचन थी। इसी दौरान उसने कमरे का दरवाजा बंद कर साड़ी से फंदे पर लटककर जान दे दी। घर लौटे परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा और पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। काफी देर के बाद मिली सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी राहुल राघव, उप निरीक्षक संजीव कुमार, एसआई कुलदीप सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ सुनीता दहिया ने भी मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने रात करीब 11:00 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कांठ के थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाहिता द्वारा अज्ञात कारणों के चलते फंदे पर लटककर जान देने की बात सामने आई है, अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल मृतका के शव को फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अग्रिम कार्रवाई और जांच प्रचलित है, आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।