थाना क्षेत्र के दौलारी गांव में पांच वर्षीय बच्ची महक का शव तालाब में पड़ा मिला। बच्ची सुबह करीब 11 बजे से लापता थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
दौलारी गांव निवासी नरेश कुमार क्रेन चालक हैं। उसकी बेटी महक गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक मेंं पढ़ती थी। वह शनिवार सुबह अपनी बड़ी बहन मोनी के साथ स्कूल गई थी, लेकिन वह सुबह 11 बजे स्कूल से वापस घर आ गई। उसने अपना बैग घर में रख दिया और बिना बताए बाहर चली गई।
छुट्टी के बाद बड़ी बहन मोनी घर पहुंची तो परिजनों ने महक के बारे में पूछा। उसने बताया कि महक तो जल्दी ही स्कूल से घर आ गई थी। इससे पहले परिवार के लोग ये ही सोचते रहे कि महक स्कूल में ही होगी।
परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए, लेकिन पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ जंगल में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान गांव के पास तालाब में उसका शव मिला। इसकी जानकारी मिलने पर बच्ची की मां बीना, बहन मोनी (10) भाई वंश (7), अंश (6) भी पहुंच गए। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।