मुरादाबाद। नगर निगम में तैनात आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ की अगुवाई में सफाई कर्मचारियों ने टाउनहाल स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संगठन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमीलाल वाल्मीकि, वरिष्ठ नेता लल्ला बाबू द्रविड़ आदि की अगुवाई में शहर के काफी संख्या में आउटसोर्सिंग पुरुष व महिला सफाई कर्मी एकत्र हुए। वहीं, सभागार में चल रही बोर्ड की बैठक का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए धरना देना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें 7700 रुपये मानदेय मिलता है, जिसे बढ़ा कर 15000 रुपये जनवरी से लागू कर दिया जाए। मांग पूरी न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का भी एलान किया। दोपहर बाद भी महापौर सफाईकर्मियों के बीच आश्वासन देने नहीं पहुंचे, तो कर्मचारी नेता बोर्ड की चल रही बैठक के बीच पहुंच गए। पार्षदों ने भी ध्वनिमत से उनका मानदेय 15 हजार रुपये करने की मांग की। इसके बाद महापौर ने धरना दे रहे सफाईकर्मियों के बीच पहुंच कर इसकी घोषणा कर दी। जिसके बाद सफाईकर्मियों ने अपना धरना खत्म किया। इस मौके पर ओमीलाल वाल्मीकि, लल्ला बाबू द्रविड़, मुरारीलाल शेषन समेत कई सफाई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।