मुरादाबाद। खून के काले कारोबार में फर्जी बैग नंबरों का खेल सामने आया है। गोरखपुर में पकड़े गए 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स के बैगों पर दर्ज नंबरों का मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक के रिकॉर्ड में कोई मिलान नहीं मिला है। इससे आशंका गहराई है कि एक ही नंबर के कई बैग तैयार कर अलग-अलग जगहों पर बेचे गए हों। मामले की जांच कर रहा औषधि विभाग अब रक्त के स्रोत के साथ ही उसके परिवहन की कड़ियां भी जोड़ रहा है।
उधर, ब्लड बैंक में 17 बिंदुओं पर खामियां मिलने के बाद वहां रक्त के सभी तरह के आदान-प्रदान पर रोक लगा दी गई है। निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स और टेक्नीशियन मौजूद नहीं थे। रखरखाव और दस्तावेजों से जुड़ी कमियां भी पाई गईं। ड्रग लाइसेंस प्राधिकारी ने इन सभी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। गोरखपुर में रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद की थीं। कार में मुरादाबाद निवासी दो लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते में रक्त खरीदकर दूसरे शहरों में महंगे दाम पर बेचने की बात बताई थी। इसके बाद मुरादाबाद के औषधि विभाग ने ब्लड बैंक के दस्तावेजों की जांच शुरू की। बरामद बैगों पर दर्ज बैच नंबरों का उपलब्ध रिकॉर्ड से मिलान कराया गया, लेकिन कोई नंबर मेल नहीं खाया। अब यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि बैगों पर दर्ज नंबर फर्जी थे या रक्त किसी दूसरे स्रोत से लाया गया था। एक ही नंबर के कई बैग बनाए जाने की आशंका भी जांच के दायरे में है।
डीएलए पूरन चंद ने बताया कि यह ब्लड बैंक मदर टेरेसा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित होता है। इसकी संभल में भी एक शाखा है। चूंकि मुरादाबाद के आशियाना स्थित ब्लड बैंक के रिकॉर्ड से गोरखपुर में पकड़े गए बैग के बैच नंबरों से मिलान नहीं हुआ है। इसलिए संभल शाखा के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। एक जांच टीम संभल में कार्य कर रही है।
टोल प्लाजा से पता लगाएंगे कहां से आई खेप
रक्त से भरी कार मुरादाबाद से गोरखपुर पहुंची थी या रास्ते में कहीं और से खेप लोड की गई थी, यह भी जांच का अहम हिस्सा है। इसके लिए पुलिस की मदद से टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। गाड़ी की आवाजाही का ब्योरा मिलने पर उसके रास्ते और यात्रा की पुष्टि हो सकेगी। गोरखपुर में कार से 40 यूनिट रक्त पिछली सीट पर रखे गत्ते के डिब्बों में और 60 यूनिट डिक्की में रखे थर्माकोल के डिब्बों में मिली थीं।
वर्जन
गोरखपुर में बरामद रक्त के बैग नंबरों का एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक के रिकॉर्ड से मिलान नहीं हुआ है। ब्लड बैंक में जांच के दौरान 17 बिंदुओं पर खामियां मिली हैं। मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स और टेक्नीशियन भी मौके पर नहीं मिले। सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल ब्लड बैंक में रक्त के सभी तरह के आदान-प्रदान पर रोक लगा दी गई है। पुलिस की मदद से टोल प्लाजा के रिकॉर्ड भी चेक कराए जा रहे हैं।
- पूरन चंद, ड्रग लाइसेंस प्राधिकारी, मुरादाबाद