कांठ। पूर्व में दो बार स्थगित होने के बाद सोमवार को तीसरी बार भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की एसडीएम संत दास पंवार की मध्यस्ता में अधिकारियों से समस्याओं व मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इसमें किसानों ने गन्ना और बिजली समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाते हुए निस्तारण की मांग की। साथ ही नारेबाजी और प्रदर्शन भी किया।
इस त्रिपक्षीय वार्ता में भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि गन्ना प्रजाति को लेकर किसानों को चीनी मिलों द्वारा गुमराह करने का काम किया जा रहा है। पहले से ही किसान गन्ने में लगे रोग के दंश को दो साल से झेल रहा है, किसानों ने उन्हें बोआई के लिए अच्छी किस्म की गन्ना प्रजाति का बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं क्रय केंद्रों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही 28 क्विंटल की गन्ना पर्चियां जारी करने, गन्ना नियम के तहत भुगतान कराने, बिजली के जर्जर तारों और खंभों को बदलवाने, कांठ बिजलीघर को रास्ता बनवाने, अधिक रिडिंग के बिल दुरुस्त कराने, कम बकाया में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटने, नगर पंचायत कांठ से निकलने वाले पानी के निस्तारण के लिए नाले का निर्माण कराने की भी मांग की। इन सभी मांगों के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा किसानों को आश्वासन दिया गया।
वार्ता में एसडीओ बिजली सचिन रस्तोगी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सिराज मलिक, उपनिरीक्षक सागर कुमार, स्योहारा चीनी मिल से राजीव चौधरी, त्रिवेणी चीनी मिल से योगेंद्र कुमार, नगर पंचायत से अमित कुमार विश्नोई के साथ ही भाकियू टिकैत के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, तहसील अध्यक्ष दर्शन सिंह, नगर अध्यक्ष अरविंद विश्नोई जॉनी, भाकियू टिकैत युवा के जिला उपाध्यक्ष हैप्पी विश्नोई, ब्लॉक अध्यक्ष अंगद चौधरी, रामकला सिंह, नौबत सिंह, धर्मपाल सैनी आदि पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान रहे।