कांठ। किसानों की समस्याओं, मांगों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने सोमवार को उपमंडी समिति स्थल पर किसान चौपाल आयोजित की। इसमें किसानों ने विभिन्न समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की। समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
किसान चौपाल के बाद संगठन के कार्यकर्ता एकत्र होकर कांठ तहसील पहुंचे और एसडीएम मयंक कुंडू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, गन्ना क्रय केंद्रों पर निर्धारित तौल व्यवस्था लागू करने, गेहूं और सरसों के छूट वाले बीज सरकारी केंद्रों पर समय से उपलब्ध कराने, गेहूं की बोआई के लिए नहरों में पानी देने, पीटीडब्ल्यू फीडर पर बिजली आपूर्ति के निर्धारित शेड्यूल का पालन कराने, मीटर रीडर के बिल निकालने के लिए नियमित रूप से नहीं पहुंचने, उपभोक्ताओं पर लगाए गए जुर्माने को माफ करने, स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय खनन परिवहन में लगे डंपरों के आवागमन और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने, सड़कों से अतिक्रमण हटवाने, गन्ना सीजन में जाम की समस्या से बचने के लिए कांठ कस्बे के प्रत्येक चौराहे पर गोल चक्कर बनाने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि सड़कों के किनारे कूड़ा डालने से गंदगी फैल रही है। कांवड़ मार्ग पर कूड़ा हटाने के नाम पर प्लास्टिक कचरा खेतों में डालने से फसलों और जमीन को नुकसान पहुंच रहा है। इसका निस्तारण कराया जाए। समस्याओं का जल्द समाधान न होने पर भाकियू टिकैत ने धरना-प्रदर्शन की भी चेतावनी दी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, जिला सचिव रामकला सिंह, तहसील अध्यक्ष दर्शन सिंह, प्रभारी सियाराम बिश्नोई, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ अंगद चौधरी, नगराध्यक्ष अरविंद बिश्नोई जॉनी, नौबत सिंह गुर्जर, रनजीत सिंह, अजय कुमार, बलराज सिंह, सलीम अहमद, अनोज कुमार, परविंद्र सिंह, केशवचंद्र, प्रिंस चौधरी, महेश कुमार, रूपकिशोर सिंह, विमल कुमार आदि रहे।