बिलारी। भारतीय किसान यूनियन मुलायम (भाकियू मुलायम) ने बिलारी क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। संगठन ने पहले उपजिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने और फिर जरूरत पड़ने पर बिलारी से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया। यह एलान रविवार शाम बिलारी नगर में शाहबाद रोड स्थित भाकियू मुलायम के कैंप कार्यालय पर हुई एक बैठक के बाद किया गया।
बैठक में भाकियू मुलायम के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेम सिंह उर्फ राजेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष मिर्जा गालिब आजाद मौजूद थे। इस दौरान संगठन विस्तार पर चर्चा हुई और कई नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। मिर्जा गालिब आजाद को प्रदेश अध्यक्ष और मोहम्मद नाजिम उर्फ मुजफ्फर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। चौधरी युधवीर सिंह बिलारी तहसील अध्यक्ष, गुड्डू कुरैशी तहसील उपाध्यक्ष और रईस अंसारी बिलारी नगर अध्यक्ष बने। इश्हाक अंसारी को मुरादाबाद मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। पदाधिकारियों ने स्थानीय तहसील प्रशासन से विद्युत लाइनों के लटके तार ठीक करवाने और जर्जर पोल बदलने की मांग की।
भाकियू मुलायम ने नलकूप उपभोक्ता किसानों को निर्धारित बिजली, खाद-बीज और गन्ने का मूल्य छह सौ रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की भी मांग की। उन्होंने किसानों को सभी फसलों का उचित मूल्य, गरीब पात्र किसानों को राशन-आवास और बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों का शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांगें उठाईं। प्रदेश अध्यक्ष मिर्जा गालिब आजाद ने बताया कि तहसील बिलारी प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए पंद्रह दिन का समय दिया गया है।
यदि इस अवधि में समाधान नहीं होता, तो उपजिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी सम्मानजनक समाधान न मिलने पर तहसील कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक भाकियू मुलायम द्वारा पैदल मार्च किया जाएगा।