मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के राम लीला मैदान में छात्र विशाल सैनी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने भाजपा युवा नेता और उसके नाबालिग भाई व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने छात्र की मां की तहरीर पर ये कार्रवाई की है। अभी तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि प्रभा सैनी पत्नी ओम प्रकाश सैनी निवासी आदर्श नगर कुंदनपुर ने भाजयुमो के महानगर मीडिया प्रभारी दीक्षांत चौधरी, उसके नाबालिग भाई और एक अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला और मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका बेटा पढ़ाई के साथ ही घर घर खाना (टिफिन) पहुंचाने का कार्य करता है। उसका आरोप है कि लाइन पार कुंदनपुर निवासी दीक्षांत चौधरी और उसके भाई ने विशाल से कुछ दिन पहले रास्ते में खाना छीन लिया था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोपियों ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे मेरा बेटा विशाल रामलीला मैदान में स्कूटी से जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद रामलीला मैदान में ले गए और यहां उसकी पीठ में गोली मार दी। आरोप है कि हमालवर युवक विशाल की जेब से साढ़े चार हजार रुपये भी निकाल कर ले गए। एएसपी दीपक भूकर ने बताया कि दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। आरोपी किशोर के पिता पुलिस में हैं।
शूट हो गया हैं परसो करूंगा सरेंडर
मुरादाबाद। विशाल को गोली मारने के मामले में जिस नाबालिग का नाम सामने आ रहा है। उसके नाम से फेसबुक आईडी से एक के बाद एक गई पोस्ट किए गए हैं। जिसमें लिखा गया है शूट हो गया है। अब वह परसो सरेंडर करेगा। हालांकि बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी गई।
झगड़े में समझौता कराने मैदान में जुटे, पहले दो हवाई फायरिंग, फिर छात्र को मारी गोली
मुरादाबाद। छात्र की मां की ओर से दर्ज कराए गए केस में बताया गया कि विशाल और आरोपियों के बीच कुछ पहले भी झगड़ा हुआ था। उन्होंने छात्र को जान से मारने की धमकी दी थी। सूत्रों से ये भी बात सामने आई कि झगड़े में समझौते की बात करने के लिए ही शुक्रवार शाम रामलीला मैदान में बुलाया था। बताया जा रहा है कि नाबालिग ने पहले दो हवाई फायरिंग किए। इसके बाद उसने तीसरा फायर किया। जो छात्र की पीठ में लगा।