कांठ। नगर में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग 432-बी पर ओवरब्रिज बनाने के लिए मिली स्वीकृति पर भाजपाइयों ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लोगों के लिए इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए मिठाई का वितरण भी किया।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश माहेश्वरी के कार्यालय पर एकत्र हुए भाजपाइयों ने कहा कि सरकार ने रेलवे क्रॉसिंग 432-बी पर ओवरब्रिज की स्वीकृति देकर यहां के लोगों को जाम से छुटकारा दिलाए जाने का काम किया है। निवर्तमान भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के लिए वह 2017 से लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर लोक निर्माण विभाग और शासन में मजबूत ढंग से इसके लिए पैरवी की थी। यह उसी का परिणाम है कि सरकार ने ओवरब्रिज के लिए स्वीकृति की है। उन्होंने कहा कि अब वह आगे कांठ नगर में जाम की समस्या को खत्म कराने को बाईपास के लिए भी मजबूत ढंग से पैरवी करेंगे। भाजपाइयों ने ओवरब्रिज के लिए सरकार का आभार भी जताया। मंडलाध्यक्ष अंकुश कुमार चौहान, सत्यवान सिंह, चौधरी हुक्म सिंह, निरुपम विश्नोई, पूर्व मंडलाध्यक्ष, राजपाल सिंह प्रजापति, गौरव विश्नोई, अभय विश्नोई, सचिन चौहान बंटी, चंचल पाल, प्रमोद विश्नोई, महेशचंद्र गुप्ता, ओमकार सिंह, संजीव गुप्ता आदि भाजपाई रहे।