मुरादाबाद। नामांकन दाखिल करने के एक दिन शेष रहते रविवार को प्रमुख राजनीतिक दलों ने मेयर पद के लिए अपने पत्ते खोल दिए। निवर्तमान मेयर विनोद अग्रवाल पार्टी का विश्वास जीतने में कायम रहे। भाजपा ने उन्हें तीसरी बार अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने मेयर पद के लिए हाजी रिजवान कुरैशी पर दूसरी बार दांव लगाया है, जबकि सपा से निर्यातक रईसुद्दीन और बसपा से मोहम्मद यामीन मेयर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इसके अलावा आप ने अधिवक्ता चंदन भट्ट को अपना प्रत्याशी बनाया है।
17 अप्रैल नामांकनपत्र दाखिल करने का आखिरी दिन है लेकिन शनिवार तक प्रमुख राजनीतिक दलों ने मेयर पद के लिए अपने-अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए थे। प्रत्याशियों के नामों पर अटकलबाजी चल रही थी। रविवार को एक-एक पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों घोषणा शुरू कर दी। सपा ने सबसे पहले अपना प्रत्याशी घोषित किया। पार्टी ने नए चेहरे पर दांव लगाते हुए निर्यातक रईसुद्दीन को उम्मीदवार घोषित किया। इसके कुछ देर बाद ही कांग्रेस ने मेयर पद के लिए प्रत्याशी के रूप में हाजी रिजवान कुरैशी के नाम का एलान किया। पार्टी ने उन्हें दूसरी बार अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले रिजवान कुरैशी 2017 में पार्टी के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं केंद्र और प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा का विश्वास निवर्तमान मेयर विनोद अग्रवाल पर कायम रहा। पार्टी ने उन्हें तीसरी बार मेयर प्रत्याशी घोषित किया। विनोद अग्रवाल दो बार मेयर रह चुके हैं। बसपा ने अपने पुराने सिपाही मोहम्मद यामीन पर दांव लगाया है। यामीन विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने अधिवक्ता चंदन भट्ट को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। अभी एआईएमआईएम ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। फिलहाल प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
मेयर के लिए किस दल से कौन प्रत्याशी
दल
प्रत्याशी
भाजपा
विनोद अग्रवाल
सपा
रईसुद्दीन
कांग्रेस
हाजी रिजवान कुरैशी
बसपा
मोहम्मद यामीन
आप
चंदन भट्ट