बिलारी। स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल ने बीते पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने के समस्त मूल्य का मंगलवार को भुगतान कर दिया है। गन्ना समिति सचिव के अनुसार चीनी मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान कर देने से गन्ने के विकास के मिशन में सफलता मिलेगी।
चीनी मिल के उपाध्यक्ष सुभाष खोखर ने बताया कि बीते पेराई सत्र 2025-26 में बिलारी चीनी मिल द्वारा तीन समितियों बिलारी, मुरादाबाद और असमोली क्षेत्र से जुड़े चीनी मिल के इलाके में 45 लाख 20 हजार क्विंटल गन्ना खरीदा गया। इस खरीदे गए गन्ने का कुल मूल्य 180 करोड़ 36 लाख रुपये बैठता है। मंगलवार तक समस्त गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। मिल उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आगामी पेराई सत्र में भी चीनी मिल द्वारा समय से गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया जाएगा।
सहकारी गन्ना विकास समिति बिलारी के विशेष सचिव हशमुल हसन ने पुष्टि करते हुए बताया कि बिलारी चीनी मिल ने समस्त गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। समिति सचिव के अनुसार चीनी मिल द्वारा सम्पूर्ण गन्ना मूल्य का भुगतान कर देने के आगामी समय में अच्छे परिणाम सामने आएंगे। गन्ने की फसल की पैदावार अधिक करने में किसानों का रुझान बढ़ेगा जिसका लाभ चीनी मिल को भी मिलेगा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के वरिष्ठ पदाधिकारी चौधरी भयराज सिंह ने कहा कि यदि चीनी मिल ने समस्त गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है तब अपनी जिम्मेदारी को पूरा किया है। गन्ना समिति बिलारी के पूर्व चेयरमैन चौधरी अरविंद मोहन ने कहा कि इस सीजन में चीनी काफी महंगी बिकी और चीनी मिल को ठीक-ठाक लाभ भी हुआ है। चीनी मिल को चाहिए कि वह गन्ना किसानों को हार्वेस्टिंग मशीन निशुल्क उपलब्ध कराए।