बिलारी। मोहल्ला अंसारियान निवासी राजमिस्त्री मुनव्वर हुसैन (45) की शनिवार की शाम हरियाणा के झज्जर में लिंटर की पाड़ बांधते समय नीचे गिरकर मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव घर पहुंचा तो चीख पुकार मच गई। परिजनों ने गमजदा माहौल में शव सुपुर्द ए खाक कर दिया।
राजमिस्त्री मुनव्वर हुसैन करीब दो माह से हरियाण के झज्जर में अपने बेटे नाजिश और नवाजिश के साथ एक ठेकेदार के माध्यम से मकान का निर्माण कार्य कर रहे थे। शनिवार की शाम निर्माणाधीन मकान के एक कमरे की छत का लिंटर डालने के लिए पाड़ बांधते समय मुनव्वर हुसैन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गए और सीमेंट की पटियों में सिर लगने से मुनव्वर हुसैन गंभीर घायल हो गए। मुनव्वर हुसैन को दोनों बेटे तत्काल उपचार के लिए झज्जर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने राजमिस्त्री को मृत घोषित कर दिया।
राजमिस्त्री का शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर बिलारी नगर में उनके घर पहुंचा तब रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। राजमिस्त्री के परिवार में पत्नी अमीना के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने दफीने में शामिल होकर गमजदा परिजनों को सांत्वना दी।