चंदौसी (संभल)/ बिलारी। कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर रोड पर मई गांव के मोड़ पर बुधवार की दोपहर दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुर के रहने वाले किसान हरपाल (60) और जनपद बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दियौरा कासिमाबाद निवासी तहब्बर (33) की मौत हो गई, जबकि हादसे में हरपाल की पत्नी जोगेंद्रवती गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
हादसा कोतवाली क्षेत्र में इस्लामनगर रोड पर मई गांव के मोड़ के पास दोपहर तीन बजे हुआ। मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सहसपुर निवासी हरपाल अपनी पत्नी जोगेंद्रवती के साथ बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला स्थित अपनी ससुराल भात मांगने जा रहा था। हरपाल की बेटी सीमा की शादी आगामी 24 नवंबर की है। चंडीगढ़ से बरात आनी है।
अपराह्न करीब तीन बजे जैसे ही उनकी बाइक इस्लामनगर रोड स्थित मई गांव के मोड़ के पास पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार आ रहे इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दियौरा कासिमाबाद निवासी तहब्बर की बाइक से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही हरपाल के साथ बाइक पर बैठी उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की सहायता से तीनों को चंदौसी सीएचसी में लाया गया, जहां डाक्टर ने हरपाल एवं तहब्बर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जोगेंद्रवती को रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि दोनों शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। मृतकों के परिवार वालों की ओर से कोई तहरीर आएगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
बेटी की शादी की खुशियां पल भर में हुईं काफूर
हरपाल सिंह की बेटी की शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। तैयारी जोरों पर चल रही थीं, कार्ड बांटे जा रहे थे, लेकिन एक पल में ही सारी खुशियों पर ग्रहण लग गया। जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।