मुरादाबाद। बिलारी में बिजली की एलटी लाइन नीचे होने से युवक की मौत के मामले में अवर अभियंता (जेई) शिवम वार्ष्णेय को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्य अभियंता शशांक अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए 12 अक्तूबर को निलंबन का आदेश जारी किया। 11 अक्तूबर को अमर उजाला में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके अगले दिन विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
मुख्य अभियंता कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बिलारी टाउन के 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र से निकलने वाले पोषक संख्या तीन की एलटी लाइन अत्यधिक नीचे थी। इसके कारण 10 अक्तूबर को सुबह करीब 9:50 बजे वीर नगर मोहल्ले में हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
आदेश में इस घटना के लिए जेई शिवम वार्ष्णेय को प्रथम दृष्टया दोषी माना गया है। आदेश में कहा गया है कि बिजली लाइनों के रखरखाव से जुड़े कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरती गई। इसी आधार पर जेई को अग्रिम जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को निलंबन के बाद जेई के स्थान पर दूसरे अवर अभियंता की तैनाती करने और अतिरिक्त कार्यभार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। बिजली लाइन नीचे होने से हुए हादसे में युवक की जान जाने के बाद अब विभाग ने जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कार्रवाई की है।