मूंढापांडे (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दलपतपुर पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सड़क किनारे खड़े केमिकल से भरे टैंकर में पीछे से बाइक घुस गई। हादसे में हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के खीरी पुरवा निवासी विश्वनाथ (26) और उनकी 10 माह की बेटी अवंतिका की माैत हो गई। हादसे में घायल विश्वनाथ की पत्नी रामभारती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हरदोई निवासी विश्वनाथ इंजीनियर थे और नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करते थे। वह पत्नी और बेटी के साथ नोएडा के बराैला गांव में किराए पर रहते थे। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे परिवार समेत बाइक से अपने घर के लिए निकले थे। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर पुलिस चौकी के पास सर्विस रोड के किनारे खड़े केमिकल भरे टैंकर में अनियंत्रित होकर बाइक पीछे से घुस गई।
हादसे में विश्वनाथ की मासूम बेटी अवंतिका की मौके पर ही माैत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामभारती का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर हरदोई से विश्वनाथ के परिजन भी आ गए। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया। चालक को हिरासत में लेने के साथ ही टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।
-
झपकी आने से हादसे की आशंका
विश्वनाथ नोएडा से अपनी पत्नी व बेटी के साथ शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे निकले थे। मुरादाबाद पहुंचने पर करीब तीन घंटे हो चुके थे। आशंका है कि सुबह करीब साढ़े छह बजे नींद की झपकी आने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में घुस गई और दर्दनाक हादसा हो गया।
मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिरी मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बाइक अनियंत्रित होकर टैंकर में घुसी तुरंत मां की गोद में बैठी दस माह की अवंतिका उनके हाथ से उछलकर सड़क पर गिरी। सिर पर गंभीर चोट लगने से मासूम की माैके पर ही माैत हो गई। हादसा होते ही भीड़ लग गई। मासूम का शव देखकर हर कोई सन्न रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लिया और घायल दंपती को अस्पताल भेज दिया।