बिलारी। थाना क्षेत्र में शाहबाद रोड पर धर्मपुर कलां गांव के निकट सोमवार एक रात साढ़े नौ बजे एक बाइक सड़क किनारे खड़े टिपलर में घुस गई। इस दौरान एक बाइकसवार की मौत हो गई और उसके पीछे बैठा साथी गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने रात में ही शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
थाना कुंदरकी के नगला कमाल गांव निवासी बादाम सिंह का पुत्र रंजीत सिंह 32 वर्ष ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। ईंट भट्ठे पर साथ में काम करने वाले थाना हजरतनगर गढ़ी के मऊ भारतल निवासी राजू सिंह के बेटे सुभाष से रंजीत की मित्रता थी। सोमवार शाम रंजीत सुभाष को लेकर रामपुर जिले के थाना शाहबाद के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में गए थे। रिश्तेदारी में खाना खाकर देर रात लगभग साढ़े नौ बजे दोनों बाइक से शाहबाद से बिलारी होते हुए कमाल जा रहे थे।
बिलारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही दो बाइक सवार शाहबाद रोड पर धर्मपुर कलां गांव के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट की चकाचौंध में उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े टिपलर के पिछले हिस्से में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकसवारों में से कोई भी सिर पर हेलमेट लगाए हुए नहीं था। बाइक चला रहे रंजीत सिंह की सिर में अधिक चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त सुभाष गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों बाइकसवारों को सीएचसी बिलारी ले आई। यहां चिकित्सक ने जांच के बाद रंजीत को मृत घोषित कर दिया जबकि सुभाष की हालत गंभीर बनी रहने पर उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने रंजीत का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के परिजनों की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर मंगलवार शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतक रंजीत अपने परिवार की गुजर बसर का अकेला सहारा था। उसकी पत्नी तीन साल पहले खत्म हो चुकी है। उसकी पत्नी जयरानी की तीन साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। रंजीत का एक बेटा निहाल सिंह छह वर्ष और काव्या चार वर्ष हैं। परिवार में पिता बादाम सिंह और माता सावित्री के अलावा तीन छोटे भाई अमरजीत, मगन और लवकुश भी हैं।