कांठ-करनपुर मार्ग पर नींद की झपकी आने से अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खड़े से पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी पत्नी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, तहसील ठाकुरद्वारा क्षेत्र में गांव पानूवाला निवासी हरवीर सिंह (55) पुत्र सरदार सिंह किसान थे। उनकी कृषि भूमि कांठ तहसील क्षेत्र के खूंटखेड़ा में है, यहां वह प्रतिदिन कृषि कार्य के लिए आते थे। बुधवार दोपहर एक बजे वह अपनी पत्नी कुसुम देवी के साथ बाइक से कांठ के गांव खलीलपुर कद्दीम एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। जब वह कांठ-करनपुर मार्ग पर कांठ और डिलारी थाना क्षेत्र की सीमा में रामगंगा नदी के पुल से करीब 500 मीटर पीछे पहुंचे तो उन्हें बाइक चलाते समय नींद की झपकी आ गई। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई गई। पेड़ से सिर टकराने से किसान की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी कुसुम देवी मामूली रूप से चोटिल हो गई। हादसे के बाद खेतों में काम कर रहे किसान व राहगीर दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और पति पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने हरवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिवार वाले भी पहुंच गए। पुलिस को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हेलमेट पहने होने के बाद भी हो गई किसान की मौत
पेड़ से बाइक टकराकर जान गंवाने वाले किसान हरवीर सिंह ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन बाइक इतनी तेजी से पेड़ से टकराई कि हेलमेट पहने होने के बाद भी किसान की मौत हो गई। हादसे में मृतक की बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। बताया गया है कि हरवीर सिंह अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनकी मौत से पत्नी कुसुम देवी, भाई पप्पू सिंह, बेटी और बेटे का रो रोकर बुरा हाल है।