कांठ। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे डंपरों की रफ्तार पर अंकुश लगाने और कार्रवाई की मांग की है। यूनियन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि सोमवार को इसको लेकर तहसील में एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। यदि डंपरों की रफ्तार और ओवरलोडिंग पर अंकुश नहीं लगा तो जल्द ही किसान भवन के सामने भाकियू चक्का जाम करेगा।
रविवार को भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह के यहां गांव कुचावली में हुई बैठक में भाकियू पदाधिकारियों ने डंपरों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी व्यक्त की। तहसील अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह ने कहा कि डंपरों से हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों को जान तक गंवानी पड़ रही है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह ने कहा कि मिट्टी भरे डंपरों से मिट्टी सड़कों गिर रही है, जिससे धूल उड़ने से परेशानी होती है। प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि मिट्टी, रेत, बजरी, बजरफुट और पत्थर आदि भरे ओवरलोड डंपर सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं।