बिलारी। नगर के मंदिर पौड़ाखेड़ा परिसर में रविवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बिलारी तहसील इकाई की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आगामी 26 मई को एसडीएम कार्यालय पर दिए जाने वाले धरने को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।
भाकियू अराजनैतिक के युवा जिलाध्यक्ष अंकुर चौधरी ने कहा कि किसानों को खाद लेने में काफी परेशानी हो रही है। निजी खाद विक्रेताओं और किसान सहकारी समितियों के कर्मचारी किसानों से खाद देने के बदले अन्य जरूरी अभिलेख मांग रहे हैं। तहसील अध्यक्ष विक्की चौधरी ने कहा बिलारी और सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सभी विद्युत उपकेंद्रों के देहात वाले फीडरों से जुड़े कृषक उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल की पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। विद्युत संबंधी शिकायतें लेकर एसडीओ कार्यालय जाने वाले किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए बिलारी और कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र की नहर में अभी तक पानी नहीं छोड़ा गया है। अनेक गांवों में जलनिगम द्वारा भूमिगत पाइप लाइन बिछाने के दौरान उखाड़ी गई सड़कों को भी ठीक नहीं कराया गया है। छुट्टा गोवंशीय पशु भी नहीं पकड़वाए गए। बिलारी चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य के लगभग बीस करोड़ रुपये का भुगतान करने में मिल प्रबंधन देरी कर रहा है। किसानों की सभी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 26 मई को एसडीएम बिलारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर भाकियू अराजनैतिक के मंडल उपाध्यक्ष सूरज सिंह, मंडल सचिव राजपाल सिंह, खिलेंद्र सिंह, गौरव चौधरी, अमरपाल सिंह, सतेंद्र राठौर, नीरज रुहेला व अमन सैनी आदि रहे।