बिलारी। भारतीय किसान यूनियन तोमर और तराई किसान संगठन के पदाधिकारियों ने जिले के किसानों की मांगों को लेकर बृहस्पतिवार दोपहर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। वहीं एसडीएम को 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने किसानों की सभी मांगों को पूरी कराने का आश्वासन दिया।
भाकियू तोमर के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष कासिद हुसैन पाशा और तराई किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद खालिद के आह्वान पर दोनों संगठनों के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बृहस्पतिवार दोपहर डॉ. आंबेडकर पार्क में इकट्ठा हुए और किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
यहां से दोनों संगठनों के अनेक पदाधिकारी जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए एसडीएम दफ्तर के सामने पहुंचे और प्रदर्शन किया। भाकियू तोमर की ओर से दिए ज्ञापन में किसानों को बकाया गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराने, किसानों की जरूरत के अनुसार खाद, बीज और कीटनाशक दिलाने, गेहूं क्रय केंद्रों पर नियमानुसार गेहूं की खरीद कराने, कार्ड विहीन ग्रामीणों के नए राशन कार्ड बनाने, गजीपुर गांव में चकरोड में खुदवाया गया नाला बंद कराने, ईदगाह बाइपास रोड बिलारी में अधूरे नाले का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, चांदपुर गनेश में नाला निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कराने, मुंडिया भीकम गांव में लोड कम करने को अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने, खाबरी अव्वल गांव में ग्रामीणों पर जुर्माना खत्म कराने आदि मांगें प्रमुख थीं।
उधर, तराई किसान संगठन की ओर से दिए हुए ज्ञापन में असदपुर गांव में स्कूल को जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या का समाधान कराने आदि मांगें मुख्य थीं।
इस अवसर पर तराई किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद खालिद, आमिर हुसैन, जुबैर खान, मोहम्मद कासिद पाशा, अनूप मिश्रा, मोहम्मद फहीम कयूम, डॉ. गरिमा गोस्वामी आदि रहे। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने भाकियू पदाधिकारियों को शीघ्र समस्याएं दूर कराने का आश्वासन दिया है।