बिलारी के सहसपुर विद्युत उपखंड कार्यालय में किसानों को समझाते एसडीओ विद्युत-संवाद
बिलारी। भाकियू टिकैत की ओर से दिए गए ज्ञापन पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज संगठन पदाधिकारियों ने बुधवार दोपहर एसडीओ विद्युत सहसपुर के कार्यालय में पहुंचकर सांकेतिक धरना दिया। एसडीओ के आश्वासन पर धरना समाप्त करते हुए ग्यारह सितंबर तक का समय दिया है।
भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने बीती 28 अगस्त को एसडीओ सहसपुर को ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में विद्युत उपकेंद्र सहसपुर और सफीलपुर पर तैनात अवर अभियंता पर नियमविरूद्ध कार्य करने, विद्युत उपकेंद्रों का बेहतर संचालन न करने, स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण न कराए जाने और उपभोक्ताओं से अभद्रता करने समेत गंभीर आरोप लगाए थे। बुधवार दोपहर भाकियू टिकैत के तहसील और ब्लॉक कमेटी के अनेक पदाधिकारी एसडीओ विद्युत से यह शिकायत करने गए थे कि ज्ञापन में बताई गईं समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पाया।
एसडीओ विद्युत से वार्ता के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने एसडीओ विद्युत कार्यालय के अंदर ही जमीन पर बैठकर सांकेतिक धरना शुरू कर दिया। किसानों को आक्रोशित देख एसडीओ ने अवर अभियंता को भी अपने कार्यालय में ही बुला लिया। वार्ता के दौरान एसडीओ ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में सभी समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।
भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 11 सितंबर तक ज्ञापन की सभी मांगें पूरी नहीं की गईं तब 12 सितंबर से भाकियू टिकैत द्वारा बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। में भाकियू टिकैत के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर यादव, बिलारी ब्लॉक अध्यक्ष हाजी माजिद हुसैन अंसारी, गुडडू कुरैशी, मोहम्मद जाकिर, रणजीत सिंह यादव, डाॅ.अनीस अहमद, अमित चौधरी, राजकुमार यादव आदि रहे।