बिलारी। मुख्य मंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के विभिन्न ग्रामों से आए 31 लाभार्थियों को सोमवार दोपहर तहसील प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह में कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने चेक बांटे। इस दौरान भाजपा विधायक द्वारा सरकार की उपलब्धियां गिनाई गईं।
आंबेडकर नगर जनपद मुख्यालय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना के लाभार्थियों को चेक वितरण किए जाने वाले समय में ही बिलारी तहसील में योजना के चयनित लाभार्थियों को चेक बांटे गए। आंबेडकर नगर के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से सभी लाभार्थियाें और उनके साथ आए ग्रामीणों को दिखाया गया। बाद में बिलारी तहसील के महमूदपुर माफी, मलीपुर, अभनपुर नरौली, चितेरी, हमजापुर, इमरतपुर ऊधो, बरेठा खिजरपुर, असालतनगर बघा, फरहेदी, गौराशाहगढ़, अबूपुर खुर्द, भांडरी, कुतुबपुर, नानपुर,फतेहपुर नत्था, सहसपुर आदि ग्रामों के 31 लाभार्थियों को कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने चेक बांटे।
भाजपा विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार में समान रूप से सभी वर्गो के लाभार्थियों को सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भाजपा विधायक ने कहा कि लाभार्थी चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। विधायक रामवीर सिंह ने समारोह में आए लोगों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का बढ़ चढ़कर लाभ लेने का आहवान किया। समारोह की अध्यक्षता एसडीएम न्यायिक विनय कुमार पांडेय और संचालन पेशकार उस्मान कौसर ने किया। समारोह में तहसीलदार धीरेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पीयूष कुमार, अभिनय सिंह और विजय श्रीवास्तव ने भी विचार रखे। समारोह में लाभार्थियों और उनके साथ आए ग्रामीणों की भीड़ रही।