कांठ। नगर में चेतरामपुर रोड स्थित दशहरा मेला स्थल पर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से भारी भरकम खर्च से कराए जा रहे ग्राउंड के सुंदरीकरण का कार्य अभी जारी है। इस बार विजय दशमी पर मेला ग्राउंड में तैयार पक्के और स्थायी मंच पर रामलीला का मंचन किया जाएगा। कांठ के दशहरा मेला स्थल पर विजय दशमी के दिन श्री रामलीला मंचन समिति के द्वारा एक दिवसीय दशहरा मेले का आयोजन कराया जाता है। इसी दिन यहां रामलीला का मंचन भी होता है। अब तक कांठ का यह दशहरा मेला ग्राउंड विकास से अछूता था। लेकिन अब यहां नगर पंचायत प्रशासन की ओर से भारी भरकम रकम से विकास और सुंदरीकरण के कार्य कराए गए हैं। अभी भी ग्राउंड में कार्य चल रहा है। यहां ग्राउंड की चहारदीवारी के साथ ही कलाकारों के द्वारा मंचन करने के लिए पक्का और स्थायी रंगमंच बनवाया गया है। साथ ही लोगों के बैठने के लिए टीन शेड, शौचालय, कक्ष, ग्राउंड में इंटरलाकिंग सड़कें, लाइटिंग, रावण पुतला दहन के स्थान, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे आदि भी लगवाए गए हैं।
इस बार विजय दशमी पर कलाकारों के द्वारा पहली बार पक्के और स्थायी रंगमंच पर रामलीला का मंचन किया जाएगा। दशहरा मेला ग्राउंड में सुंदरीकरण का कार्य अभी निरंतर जारी है। नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा ग्राउंड के मुख्य गेट पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के नाम से स्वागत द्वार भी बनवाया जा रहा है, जोकि अभी निर्माणाधीन है।