ठाकुरद्वारा में कारोबारी ने की आत्महत्या
- फोटो : संवाद
ठाकुरद्वारा में बुधवार की देरशाम इनवर्टर बैटरी व्यापारी ने अपनी दुकान में लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। आत्महत्या का कारण पैसे के लेनदेन का तनाव बताया जाता है।
नगर के मोहल्ला बुध बाजार वार्ड-9 निवासी शुगर मिल के रिटायर्ड सुपरवाइजर भजन सिंह का इकलौता बेटा अंकित चौहान (35) रतूपुरा रोड पर स्थित मंडी समिति के सामने यशी एंटरप्राइजेज के नाम से बैटरी इन्वर्टर की दुकान करता था।
परिवार के साथ वह मोहल्ला बुध बाजार स्थित आवास पर ही रहता था। उसने देर शाम दुकान में ही अपने लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मार ली। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी जिस पर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल और सीओ आशीष प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने घटना की सूचना अंकित के घर पर दी। पुलिस ने अंकित चौहान के माता-पिता से और पत्नी से घटना के बारे में जानकारी करने की कोशिश की तो वह स्पष्ट नहीं बता सके। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया।
पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना को जानने का प्रयास किया लेकिन सीसीटीवी नहीं खुल सका। जिस पर पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने घटना की हर एंगल से जांच की।
भजन सिंह ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसके बेटे ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से आत्महत्या कर ली है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उसकी मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।