मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में मतदान की तारीख फिर बदल दी गई। बृहस्पतिवार की दोपहर एल्डर्स कमेटी चेयरमैन और सदस्यों ने बैठक कर निर्णय लिया है कि अब मतदान 29 जुलाई को होगा और परिणाम 30 जुलाई को आएंगे।
एल्डर्स कमेटी ने चार जून को दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव की घोषणा करते हुए 22 जुलाई को मतदान और 23 जुलाई को परिणाम आने की बात कही थी लेकिन मतदाता सूची समय से तैयार नहीं हो पाई। 14 और 15 जुलाई को नामांकनपत्र जमा किए गए लेकिन मतदाता सूची जारी न होने के कारण एल्डर्स कमेटी ने बुधवार को भी नामांकनपत्र जमा करने का निर्णय लिया था। तीन दिन चले नामांकन प्रक्रिया में 76 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। इसमें अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार शामिल रहे। बुधवार को एल्डर्स कमेटी ने 2387 मतदाताओं की सूची जारी कर दी थी लेकिन मतदान की तारीख पर संशय बना रहा। बृहस्पतिवार को एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रामा शंकर ने सदस्यों और चुनाव समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रमाशंकर ने बताया कि बैठक में मतदान की तारीख में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। मतदान 29 जुलाई को होगा जबकि 30 जुलाई को मतगणना होगी।
नए तारीखों में यह हुए बदलाव
18 जुलाई- अंतिम मतदाता सूची
19 जुलाई -नामांकन पत्रों की जांच
21 जुलाई- नामांकन पत्र की वापसी
22 जुलाई- अंतिम प्रत्याशी सूची
29 जुलाई -मतदान सुबह (10 से शाम 5 बजे तक)
30 जुलाई - मतगणना
-
मतदाता सूची ने नाम कटवाने की मांग
मुरादाबाद। अधिवक्ता एएच जैदी ने दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष और महासचिव को पत्र भेजकर मतदाता सूची से अपना नाम कटवाने की मांग रखी है। उन्होंने एक बार एक सदस्य का शपथपत्र नहीं जमा किया है। वह जिला बार एसोसिएशन के सदस्य हैं।