प्रथमा बैंक की शाखा जहांगीर पुर के वरिष्ठ प्रबंधक समेत बैंक के अन्य कर्मचारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक ठाकुरद्वारा के माध्यम से प्रार्थना पत्र बैंक के चेयरमैन को भेजा। उन्होंने सामूहिक अवकाश देने और स्थानांतरण करने की मांग की है।
शुक्रवार को कुछ लोगों ने बैंक में कैश के लिए उनसे मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट बैंक शाखा के अधिकारियों ने देर रात पुलिस में दर्ज कराई थी। भोजपुर थाना क्षेत्र के जहांगीर पुर स्थित प्रथमा बैंक के शाखा प्रबंधक राजेंद्र कुमार और अन्य स्टाफ ने शनिवार को क्षेत्रीय प्रबंधक ठाकुरद्वारा को प्रार्थना पत्र सौंपा।
इसमें उन्होंने प्रथमा बैंक के चेयरमैन से जहांगीर पुर स्थित बैंक शाखा से स्थानांतरण करने और सामूहिक अवकाश देने की मांग उठाई है। कहा कि शुक्रवार को कुछ लोगों ने बैंक में उनके साथ अभद्रता की और उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है।
पत्र सौंपने वालों में वरिष्ठ प्रबंधक राजेंद्र कुमार, सहायक प्रबंधक दीपक अग्रवाल, कैशियर सत्यप्रकाश यादव, फील्ड अफसर चंद्र मोहन सिंह, शैलेंद्र कुमार, सुनील कुमार आदि शामिल थे।