मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के नया मुरादाबाद सेक्टर बारह में शुक्रवार दोपहर बैंक अफसर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने ससुराल वालों को फोन करके बुला लिया था। सभी लोग बाहर गिड़गिड़ाते रहे लेकिन उसने बंद कमरे में खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। कहा जा रहा है कि पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा थ और इसी निपटाने के लिए दोनों के परिजन घर में मौजूद थे।
मझोला थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या करने वाले विकास सैनी (37) मूलरूप से अमरोहा जनपद के धामपुर गांव निवासी थे। वह प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में क्लास वन अधिकारी थे। इन दिनों उनकी तैनाती बैंक के बदायूं रीजनल ऑफिस में थी। परिवार में पत्नी शिल्पी सैनी, आठ साल का बेटा सक्षम और पिता रामस्वरूप सैनी हैं। पिछले कई साल से पूरा परिवार नया मुरादाबाद सेक्टर 12 स्थित मकान में रहता है। परिजनों का दावा है कि विकास सैनी शराब पीते थे। इसको लेकर आए दिन पति पत्नी से विवाद हो जाता था। शुक्रवार को भी इसी बात पर घर में कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विकास ने कॉल करके अपने ससुर अधिवक्ता लाखन सैनी और साले को भी बुला लिया। लाखन सैनी बिलारी से विधायक और मुरादाबाद से महापौर पद के लिए बसपा से चुनाव लड़ चुके हैं।
सभी लोग पहुंचे और पति पत्नी को समझाने लगे। इस बीच विकास ने आत्महत्या करने की धमकी दी और उसने खुद को मकान की पहली मंजिल पर जाकर कमरे में बंद कर लिया। लोग बाहर से उसे रोकने की कोशिश करते रहे। लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। कई बार उन्होंने अपने मुंह और ठुड्डी के पास तमंचा रखकर गोली मारने चलाने की धमकी दी। परिवार वाले बार ऐसा न करने की मिन्नतें करते रहे। इसी बीच फायर की आवाज आई तो घर में चीख पुकार मच गई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो विकास खून से लथपथ हालत में पड़ा था। परिजन उन्हें लेकर दिल्ली रोड स्थत टीएमयू लेकर पहुंचे। लेकिन यहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद फोरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच की और मौके से सैंपल जुटाए। पुलिस ने मौके ही तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। एएसपी दीपक भूकर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो साक्ष्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मामला निपटाना चाहते थे, इसलिए ही बुलाया था ससुराल वालों को
यह तो तय है कि विकास मामला निपटाना चाहते थे। सुलह करना चाहते थे। तभी उन्होंने अपने ससुर और साले को बुलाया था। वे दोनों घर पर आ गए थे। बात चल रही थी कि इस दौरान विकास किसी बात से उद्वेलित हो गए और यह कदम उठा लिया। पुलिस इस लाइन पर भी काम कर रही है।
कुछ माह पहले ही हुई थी बहाली
बदायूं ट्रांसफर से पहले विकास सैनी प्रथमा बैंक की अमरोहा मंडी समिति शाखा में बतौर मैनेजर तैनात थे। यहां लाखों रुपये का गबन हुआ था। इसमें छह अधिकारी और कर्मचारी निलंबित थे। इसमें विकास सैनी को भी निलंबित किया गया था। बैंक मुख्यालय ने बहाल करने के बाद विकास को बदायूं में रीजनल ऑफिस में तैनाती दी थी। इसके अलावा विकास सैनी की मां की छह माह पहले ही बीमारी के चलते मौत हुई थी।
पति पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद रहता था। इसी विवाद में मेरे बेटे ने आत्महत्या की है।
रामस्वरुप सैनी विकास के पिता
पति पत्नी में कोई विवाद नहीं था। बैंक में कुछ गड़बड़ हुई थी। उसी को लेकर विकास तनाव में देते थे। इसी तनाव में सुसाइड किया है।
लाखन सैनी, विकास के ससुर