मुरादाबाद। महानगर के चारों हॉट स्पॉट एरिया में शुक्रवार को डोर टु डोर सर्वे और हेल्थ ऑडिट का काम शुरू हो गया। पहले दिन 3480 मकानों में रहने वाले 18065 लोगों का हेल्थ ऑडिट किया गया है। हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किए गए लालबाग, बरबलान, आजाद नगर और गलशहीद क्षेत्र से शुक्रवार को 23 लोग जमातियों समेत 30 अन्य लोगों को फैसिलिटी क्वारंटीन में भेजा गया है। डीएम का कहना है कि इनमें से 21 के सैंपल भी कोरोना जांच के लिए लिए गए हैं। डीएम का कहना है कि तब्लीगी जमात से जुड़े हर एक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट होगा, बेशक उसमें कोई लक्षण हो अथवा ना हो। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि रामपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए तबलीगी जमात के पांचों जमातियों की मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन स्टडी की गई है। यह जमाती मुगलपुरा, गलशहीद और मझोला थाना क्षेत्र की 10 मस्जिदों और एक घर में एक महीने से भी अधिक समय तक रुके थे। इन सभी की मोबाइल सर्विलांस से मिली लोकेशन को स्टडी करने के बाद महानगर में चिन्हित किए गए चारों हॉटस्पॉट एरिया का विस्तृत कंटेनमेंट प्लान शुक्रवार को तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। इन इलाकों में पाबंदियां और बढ़ाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग की 85 टीमें जो भी रिपोर्ट दे रही हैं उसके आधार पर लोगों को होम क्वारन्टीन अथवा फैसिलिटी क्वारंटीन करने का निर्णय लिया जा रहा है। डीएम ने बताया कि जो लोग तब्लीगी जमात से नहीं जुड़े हैं उनको सामान्य तौर पर होम फॉर क्वारन्टीन किया जा रहा है। इनके घरों पर होम क्वारन्टीन के पोस्टर भी चस्पा किए जा रहे हैं। जो लोग जमात से जुड़े हैं उन्हें बिना कोई रिस्क लिए सीधे फैसिलिटी क्वारन्टीन में भेजा जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि हॉटस्पॉट एरिया में भी उन मकानों पर खासतौर पर फोकस किया गया है जो चिन्हित की गई 10 मस्जिदों के अगल- बगल में स्थित हैं। जहां कोरोना पॉजिटिव जमाती रुके थे। उन्होंने बताया कि जनपद में फिलहाल एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। 14 तारीख के बाद जिले की सीमाओं पर और सख्ती व पाबंदियां बढ़ाने के बारे में फैसला लिया जाएगा।