रामपुर। पुलिस पर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में जेल में बंद भाजपा नेता को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उनका जमानत प्रार्थनापत्र खारिज कर दिया है। अब भाजपा नेता सेशन कोर्ट में अपनी अर्जी दाखिल करेंगे।
रविवार देर रात को केमरी थाने में भाजपा नेताओं और अन्य लोगों द्वारा पुलिस के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोप है कि भाजपा नेता रोहिताश मौर्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट दारोगा रामसजीवन मौर्य की ओर से भाजपा नेता रोहिताश मौर्य समेत 15 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है।
जेल में बंद भाजपा नेता रोहिताश मौर्य की ओर से अपने अधिवक्ता के माध्यम से लोअर कोर्ट में जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रोहिताश मौर्य का जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया है। अब भाजपा नेता सेशन कोर्ट में अपनी जमानत के लिए अर्जी दाखिल करेंगे।