मुरादाबाद। मुरादाबाद डिपो की बस एक नन्हीं जान के दुनिया में आमद की गवाह बनी। सोमवार की शाम रेलवे स्टेशन के पास चलती रोडवेज बस में किलकारी गूंजी। पति के पास हिसार जा रही महिला प्रसव पीड़ा होने पर मुरादाबाद लाैटने लगी। इस दाैरान बस में ही महिला परिचालक की मदद से प्रसव कराया गया। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बाद में जच्चा-बच्चा को महिला अस्पताल भेज दिया गया।
ताजपुर निवासी गुड्डी की शादी गजरौला के अतोरी गांव में हुई है। गुड्डी का पति हिसार में मजदूरी करता है। सोमवार शाम गुड्डी अपने छोटे भाई और तीन बच्चों के साथ पति के पास हिसार जाने के लिए निकली। गजरौला पहुंचने पर अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ गई। इसके बाद मायके ताजपुर लाैटने के लिए मुरादाबाद डिपो की बस में सवार हो गई। जैसे-जैसे बस आगे बढ़ती गई वैसे-वैसे गुड्डी की प्रसव पीड़ा बढ़ती गई।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास बस पहुंची तो प्रसव पीड़ा और बढ़ गई। बस में तैनात महिला परिचालक पूजा सागर ने स्थिति को समझते हुए गुड्डी की मदद की। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे गुड्डी ने चलती बस में ही बेटी को जन्म दिया। मुरादाबाद डिपो पर पहुंचने पर बस अड्डा प्रभारी उमेश चंद्र शर्मा ने जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से महिला अस्पताल भिजवा दिया।
वर्जन
महिला परिचालक पूजा सागर की मदद से महिला ने रोडवेज बस में बेटी को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। मुरादाबाद डिपो पहुंचने पर एंबुलेंस की मदद से दोनों को महिला अस्पताल भिजवा दिया गया। - राजवती देवी, एआरएम, मुरादाबाद डिपो