सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज 40 मुकदमों में पुलिस ने पिछले कुछ दिनों के अंदर चार्जशीट दाखिल कर दी है। आजम खां के खिलाफ रामपुर में दर्ज 80 में से 70 मुकदमों में पुलिस ने चार्जशीट लगा चुकी है। अन्य मुकदमों में भी पुलिस जल्द ही चार्जशीट लगाने की तैयारी कर रही है।
सांसद आजम के खिलाफ संगीन धाराओं में जिले में लगभग 80 मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट से कुर्की का आदेश जारी होने के बाद आजम खां ने 26 फरवरी को अपनी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और पुत्र अब्दुल्ला आजम के साथ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।
इसके बाद उनको यहां से सीतापुर की जेल में भेज दिया गया था। पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज 40 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल कर दिया है। जिसमें यतीमखाना प्रकरण, आलियागंज और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित मामले शामिल हैं। एसपी शगुन गौतम ने आजम खां के खिलाफ दर्ज 40 मुकदमों में चार्जशीट लगाए जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि आजम खां के खिलाफ 80 मुकदमे दर्ज हैं जिसमें से 70 में चार्जशीट लगाई जा चुकी है। सांसद के पुत्र अब्दुल्ला आजम के खिलाफ 43 मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें से 42 में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है। आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा के खिलाफ 32 मुकदमे हैं, जिसमें से सभी में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है।
नाम मुकदमे चार्जशीट
आजम खां 80 70
अब्दुल्ला 43 42
डॉ.फात्मा 32 32
आजम खां के कई करीबियों को पुलिस ने उठाया
सांसद आजम खां के कई करीबियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही है। गुरुवार की रात यह चर्चा जोरों पर रही है कि पुलिस ने सांसद के कई समर्थकों को हिरासत में ले लिया है, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। इसमें आजम खां के एक बेहद करीबी व्यक्ति का नाम भी शामिल हैं, जो पिछले कई माह से भूमिगत चल रहे हैं। इस बारे में पूछे जाने पर एसपी ने बताया कि अभी वो मिलक में हैं। रामपुर में किसी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी उनको नहीं है।