रामपुर जिला कारागार की फांसीघर की जमीन को कब्जाने के आरोप में दर्ज मुकदमे में जमानत के लिए सपा सांसद आजम खां के अधिवक्ता ने कोर्ट में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इस पर दस मार्च को सुनवाई होगी।
सांसद आजम खां के खिलाफ सौ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले सालभर से सीतापुर की जेल में हैं। 2019 में उनके करीबियों पर जेल में स्थित फांसीघर की जमीन को कब्जाने का आरोप लगा था। इस मामले में सांसद के बेटे अदीब खां के साथ ही आजम खां की बहन के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
कुल मिलाकर 37 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने मुकदमे की विवेचना के दौरान आजम खां का नाम भी शामिल कर लिया था। चार्जशीट दाखिल होने के बाद आजम खां की ओर से पिछले सप्ताह कोर्ट में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सरेंडर किया गया था।
अब इस मामले में उनके अधिवक्ता ने जमानत के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। सहायक शासकीय अधिवक्ता राम औतार सैनी ने बताया कि आजम खां के अधिवक्ता की ओर से कोर्ट में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर दस मार्च को सुनवाई होगी।