बिलारी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेश सैनी के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आजम खां इस लायक नहीं हैं कि उन पर कोई टिप्पणी की जाए।
सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह और मायावती की सरकारों में कमीशन की होड़ रहती है, जनता त्रस्त है और 2017 में सूबे में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
बिलारी में भाजपा प्रत्याशी के कैंप कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में एक सवाल के जवाब में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डा. संजीव कुमार बालियान ने कहा कि, आजम खां की कोई हैसियत नहीं और वह उन्हें इस लायक नहीं समझते कि उन पर कोई टिप्पणी करें।
थोड़ा रुककर बोले, आजम खां मेरे ही जिले के प्रभारी मंत्री हैं लेकिन दो साल में एक भी बार जिले के प्रभारी मंत्री की हैसियत से जिला योजना समिति की बैठक नहीं कर सकेे। बोले, प्रदेश में हुए दंगाें के लिए सीधे तौर पर सपा सरकार जिम्मेदार है।
कहा कि एक दिन पहले ही उनके जिले के खतौली और मीरपुर इलाके में शासन और प्रशासन की ढिलाई की वजह से सांप्रदायिक दंगा हो गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी में पुलिस पिट रही है और सरकार की ओर से अपराधों को बढ़ावा दिया जा रहा है। बोलेे, कांग्रेस का तो जिक्र ही करना बेकार है।
पूर्व कांग्रेस सरकाराें और कांग्रेस नेताआें ने हमेशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सपा और बसपा राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक ही घर परिवार की पार्टियां हैं। बोले, सपा और बसपा दोनों पार्टियाें के वरिष्ठ नेता इतने भ्रष्ट हैं कि उन्हें काफी समय पहले जेल चला जाना चाहिए था।
कहा कि, उत्तर प्रदेश की सपा सरकार दलालाें की सरकार है जिसे शराब माफिया और खनन माफिया चला रहे हैं। प्रदेश सरकार ने शुगर मिल एसोसिएशन से पहले ही सौदेबाजी कर ली थी इसीलिए गन्ने के रेट नहीं बढ़ाए और बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान दिलाने में रूचि नहीं दिखाई।