मुरादाबाद। आयुष्मान योजना के मानकों को पूरा न करने वाले दो अस्पतालों का भुगतान रोक दिया गया है। शिकायत, अव्यवस्था व अधूरे मानकों की वजह से शनिवार को चार अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अस्पतालों को निर्धारित 35 मानकों को पूरा करना अनिवार्य है। इसमें पंजीकरण, प्रमाणपत्र, फायर सेफ्टी एनओसी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, चिकित्सकों के शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं। पहले अस्पताल पोर्टल एचईएम (हॉस्पिटल इम्पेनलमेंट माॅड्यूल ) वन पर थे, लेकिन एक साल पहले अस्पतालों को एचईएम 2 पोर्टल पर अपग्रेड करना था।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार निर्देश और नोटिस जारी होने के बावजूद शहर के दो अस्पतालों ने एचईएम 2 पोर्टल पर खुद को अपग्रेड नहीं किया। इसलिए लखनऊ से श्री सत्या साईं अस्पताल, न्यूरोन अस्पताल का भुगतान रोक दिया गया है।
नौ के खिलाफ भेजी थी रिपोर्ट, चार को नोटिस
20 मई को स्वास्थ्य विभाग की ओर से मानकों, शिकायतों और व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया गया था। इसमें नौ अस्पतालों के खिलाफ विभाग ने जिलाधिकारी के माध्यम से लखनऊ रिपोर्ट भेजी थी। शनिवार को लखनऊ से इनमें से एवीएस हॉस्पिटल, एमआई हॉस्पिटल, सर्जिमेड हॉस्पिटल और गैलेक्सी हॉस्पिटल को नोटिस जारी किए गए हैं।
भुगतान रोके जाने वाले दोनों अस्पताल खुद को एचईएम टू पोर्टल पर अपग्रेड नहीं कर रहे थे। चार अस्पतालों को सात दिन में नोटिस का स्पष्टीकरण देना है। यह सभी कार्रवाई आयुष्मान योजना से संबंधित मानकों, शिकायतों और अव्यवस्थाओं की वजह से भेजी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
डॉ. राजीव शर्मा, नोडल अधिकारी. आयुष्मान योजना