अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होन के फैसला आने के बाद मुरादाबाद के कटघर कोतवाली के बाहर खड़े आर ?
मुरादाबाद। अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट से शनिवार को फैसला आने को लेकर जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए। तीन कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स, एक कंपनी पीएसी और पुलिस के करीब पांच हजार जवानों ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था का घेरा तैयार किया और चप्पे चप्पे पर कड़ी निगरानी बरती गई।
फैसले से पहले और बाद में भी शहर में अमन चैन कायम रहे, इसके मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुबह से ही शहर में जगह जगह जाकर माहौल भांपा। मुगलपुरा थाने में कमिश्नर यशवंत राव, आईजी रमित शर्मा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसएसपी अमित पाठक ने कैंप किया। वहां से वह पूरे जनपद के बारे में ड्यूटी पर मुस्तैद अधीनस्थों से पल पल जानकारी लेते रहे। सेक्टर प्रभारियों के साथ ही कटघर, कोतवाली, मुगलपुरा, नागफनी क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। शहर में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैयार दिखा। खासतौर पर मिश्रित आबादी वाले एरिया में खुद सीओ और थाना प्रभारी गश्त करते नजर आए। धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता प्रबंध किए गए थे। धर्मगुरुओं से पुलिस अधिकारी खुद संपर्क में थे। संभ्रांत लोगों के साथ दिन भर बैठकों का जोर अलग अलग क्षेत्रों में जारी रहा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस की टीम मौजूद रही। देर रात तक पुलिस अधिकारी क्षेत्र में मौजूद रहे, कहीं पर विवाद की सूचना नहीं है।
जनता की मदद से कायम रही शांति व्यवस्था: आईजी
मुरादाबाद। आईजी रमित शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल सभी जगह जनता ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान किया। मंडल में कहीं पर किसी भी प्रकार के विवाद की सूचना नहीं है। हर जगह शांति व्यवस्था कायम रही। सभी वर्ग के लोगों ने भाईचारे की भावना दिखाई। जनता से अपील है कि वह इसी तरह क्षेत्र में अमन चैन कायम रखें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।